अनूपपुर: हर घर तिरंगा अभियान: बिजुरी में राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल की सहभागिता
अनूपपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। नगरपालिका परिषद बिजुरी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल की सहभागिता में आयोजित लगभग एक किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में 5 हजार से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में संगठन द्वारा आयोजित यात्राओं में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं तथा सर्व समाज के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सहभागिता की। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना का संदेश दिया गया।
राज्य मंत्री ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर नागरिकों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य के अनुरूप नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका बिजुरी की अध्यक्ष सहबिन पनिका, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी.आर. नाग, नायब तहसीलदार लतेंद्र कुमार, नगर निरीक्षक बिजुरी विकास सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार साहू सहित नगरपालिका परिषद बिजुरी का अमला भी आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहा।
पसान क्षेत्र में निकली तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र के जमुना एवं भालूमाड़ा में नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह के नेतृत्व तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की। तिरंगा यात्राओं में वंदे मातरम्, राष्ट्रगान तथा देशभक्ति के गीतों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।
भाजपा के संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, सांसद हिमाद्री सिंह, अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विसाहूलाल सिंह, भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू तथा भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने जिलेवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

