दमोहः 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन, 13 अगस्त को निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
दमोहः 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन, 13 अगस्त को निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा


दमोह, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिला, तहसील, जनपद एवं ग्राम स्तर पर राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि तहसील, जनपद और ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इसकी भावना से जुड़ सकें।

उन्होंने 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली वृहद तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, हटा विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने बताया कि 13 अगस्त को तहसील मैदान से जिला स्तरीय वृहद तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा आम नागरिक शामिल होंगे। यात्रा में पुलिस बैंड राष्ट्रभक्ति की धुनों के साथ आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसी दिन जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर भी तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 12 अगस्त को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा कंसर्ट आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा तिरंगा निर्माण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा राष्ट्रभक्ति पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 14 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा तिरंगा दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।

बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। साथ ही जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक भवनों तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में अधिकाधिक नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story