राजगढ़ः हनुमान जयंती पर श्री अंजनीलाल मंदिर धाम में होगा अद्भुत आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हनुमान जयंती पर श्री अंजनीलाल मंदिर धाम में होगा अद्भुत आयोजन


राजगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री अंजनीलाल मंदिर धाम में लगातार चौथी बार सामूहिक सुंदरकाण्ड पाठ का दिव्य और भव्य आयोजन किया जाएगा।

इस अनूठे धार्मिक कार्यक्रम को लेकर नगर में महिलाओं, बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुंदरकाण्ड पाठ पूरी लय और ताल के साथ बिना रुके,बिना थके और बिना भजनों के अद्वितीय शैली में संपन्न होगा।

मंगलवार से आयोजन हेतु पंजीयन शुरू किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट परिवार द्वारा श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। पंजीकृत श्रद्धालुओं की संख्या 251 तय की गई है तथा उनके लिए अलग से बैठक,आरती और प्रसादी की विशेष व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि शांत वातावरण में जब सैकड़ों लोग सामूहिक रूप से चैपाइयों का गान करेंगे, तो मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठेगा। पिछले वर्ष की भांति इस बार भी पुरुष श्रद्धालु सफेद कुर्ता-पायजामा या धोती पहनकर आएंगे, जबकि महिलाओं के लिए पीले वस्त्रों की वेशभूषा निर्धारित की गई है। महिला एवं बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, साथ ही महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक बैठने की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह चरम पर है और श्रद्धालु हनुमान जयंती पर होने वाले इस दिव्य सुंदरकाण्ड पाठ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story