राजगढ़ : श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, भव्य चल समारोह ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ : श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, भव्य चल समारोह ने बांधा समां


राजगढ़, 2 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिलेभर में गुरुवार को भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। ब्यावरा, खिलचीपुर, राजगढ़, नरसिंहगढ़ और सारंगपुर सहित विभिन्न नगरों के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, आकर्षक श्रृंगार और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

ब्यावरा नगर के प्रमुख हनुमान मंदिरों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया। भंवरगंज स्थित रामलाल मंदिर परिसर के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर जयकारे लगाए। यह चल समारोह रामलीला मंदिर से प्रारंभ होकर पीपल चौराहा, राजगढ़ रोड, मुख्य बाजार और सुभाष चौक से होते हुए पुनः रामलीला मंदिर पहुंचा, जहां महाआरती के साथ समापन हुआ। पूरे मार्ग में “जय हनुमान” और “जय श्रीराम” के जयघोष से माहौल गूंजता रहा।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, विहिप विभाग मंत्री अशोक गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, अमित शर्मा और जगदीश पंवार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शहर के बालाजी मंदिर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जबकि अंजनीलाल धाम पर शाम के समय सामूहिक सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुठालिया क्षेत्र के बाग हनुमान मंदिर में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए, जहां दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

राजगढ़ में निकले चल समारोह के दौरान विभिन्न अखाड़ों द्वारा हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए गए, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं खिलचीपुर के खांडी बावड़ी स्थित वीर हनुमान मंदिर में भगवान का अभिषेक 11 प्रकार के फलों के रस और पंचामृत से किया गया। इसके बाद भव्य श्रृंगार और महाआरती ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। जिलेभर में आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों ने हनुमान जन्मोत्सव को भक्ति, उत्साह और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story