जबलपुरः भेड़ाघाट में हैलीपैड के लिए प्रस्तावित भूमि से अवैध कब्जा हटाया

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः भेड़ाघाट में हैलीपैड के लिए प्रस्तावित भूमि से अवैध कब्जा हटाया


जबलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को कार्यवाही कर नगर परिषद भेड़ाघाट की खसरा नंबर 81 की लगभग दो एकड़ भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया है। अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई इस भूमि का बाजार मूल्य लगभग 80 लाख रूपये है।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया की नगर परिषद भेड़ाघाट की इस भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई है। इस भूमि पर गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण एवं कृषि कार्य किया जा रहा था। अवैध कब्जा हटाने की यह कार्यवाही विधिवत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद की गई है।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर के अनुसार कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हैलीपैड का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम झरिया तथा संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story