ग्वालियर से इंदौर जा रही स्लीपर वीडियोकोच बस में लगी भीषण आग, खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर से इंदौर जा रही स्लीपर वीडियोकोच बस में लगी भीषण आग, खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री


ग्वालियर, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियो कोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धुएं और लपटों से घिर गई। बस में सवार करीब 45 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक, परिचालक और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस पूरी तरह से जलकर खाक हाे गई।

जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 09 एफए 9349 रविवार रात करीब 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। रात लगभग 11 बजे जैसे ही बस आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची, तभी उसके इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और बस के अंदर फैलने लगा। चलती बस में धुआं भरते ही यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और क्लीनर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। आग तेजी से फैलने के कारण मुख्य दरवाजे पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में बस आग के गोले में तब्दील हो गई। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रोका गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका

पुलिस और फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में लगी और यात्रियों के सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story