ग्वालियर: धूप निकली तो 23.3 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम पारा, न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री लुढ़का

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर: धूप निकली तो 23.3 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम पारा, न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री लुढ़का


ग्वालियर, 08 जनवरी (हि.स.)। लगातार पांच दिन छाए रहे घने कोहरे के बाद बुधवार को मौसम शुष्क रहा। दिन में गुनगुनी धूप निकली तो पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 23.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 6.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है।

ग्वालियर में पिछले पांच दिनों से रोज सुबह से दोपहर तक घना कोहरा पड़ रहा था। पिछले दो दिनों से कोहरे के साथ बादल भी कदम ताल कर रहे थे। इसके चलते शहरवासी पांच दिन गुनगुनी धूप के लिए तरस गए। हालांकि बुधवार को भी सूर्योदय से पहले तक मध्यम कोहरा छाया रहा लेकिन सूर्योदय के बाद मौसम शुष्क हो गया। दिन भर चटक धूप खिली रही। जिससे शहरवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं का प्रकोप बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। जिससे अगले दो से तीन दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि हवा में मौजूद नमी की वजह से गुरुवार सुबह भी हल्के से मध्यम कोहरा पड़ सकता है लेकिन दिन में मौसम शुष्क रहेगा। सर्द हवाएं चलने से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसी बीच दस जनवरी को हिमालय में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जो पश्चिमोत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story