ग्वालियरः वशीरन को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मिला सहारा, 126 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः वशीरन को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मिला सहारा, 126 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई


ग्वालियर 26 मई (हि.स.)। अपनों द्वारा उपेक्षित बुजुर्ग महिला वशीरन को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में सहारा मिला है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के वार्ड नं.-64 में स्थित ग्राम टेहलरी निवासी वशीरन ने जन-सुनवाई में पुहँचकर कलेक्टर रुचिका चौहान को अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि नशे के आदी मेरे नाती ने मुझे बताए बगैर मेरे हिस्से का मकान बेच दिया है। जिससे मैं बहुत परेशान हूँ। कलेक्टर ने वशीरन की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित एसडीएम को वशीरन को मकान का हक दिलाने के निर्देश दिए। यह सुनकर वशीरन खुशी-खुशी अपने घर लौटीं।

कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 126 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर रुचिका चौहान, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं।

जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया।

जन-सुनवाई में कुल 126 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 55 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 71 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story