ग्वालियर: शहर में एक दिन बाद ही फिर पारा 43 डिग्री के पास पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now

ग्वालियर, 11 जून (हि.स.)। एक दिन की राहत के बाद तापमान फिर से 43 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन से चार दिन तक बारिश की संभावना कम है। ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। यानी फिलहाल भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

बीते रविवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस पर था। सोमवार को शहर के आसमान में काफी घने बादल छाए रहे थे। इस कारण अधिकतम तापमान लुढ़क कर 38.2 डिग्री पर आ गया था। मंगलवार को भी सुबह काफी घने बादल थे लेकिन दोपहर होते-होते बादल बिखर गए। इसके बाद निकली तेज धूप के चलते पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 2.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 40 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 09 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 22 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 14 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी भाग में अलग-अलग दो चक्रवाती परिसंचरण मौजूद हैं। जिनका ग्वालियर-चंबल संभाग में कोई असर नहीं है। फिलहाल अगले तीन से चार दिन तक यहां के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई अन्य मौसम प्रणाली विकसित होने की संभावना नहीं है। ऐसे में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 जून के बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं जबकि मानसून 20 से 22 जून के आसपास आने की संभावना है। इसके बाद ही राहत की बारिश की आस की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/नेहा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story