उपनगर ग्वालियर में विकास की गति निरंतर जारी रहेगीः ऊर्जा मंत्री तोमर
- ऊर्जा मंत्री तोमर ने 1.82 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
ग्वालियर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्ज मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार के लिये प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। इसी संकल्प को चरितार्थ करते हुए उपनगर ग्वालियर में विकास कार्यों की श्रृंखला जारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की गति इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।
ऊर्जा मंत्री तोमर शनिवार को ग्वालियर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शहर के वार्ड क्र.-6 के अंतर्गत विभिन्न बस्तियों में 01 करोड़ 82 लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा किआज जिन कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण हुआ है, उनसे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। साथ ही बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि उपनगर की दशा बदल रही है, बिरला नगर प्रसूतिगृह, सिविल अस्पताल हजीरा के साथ ही दीनदयाल औषधालय लधेड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। तोमर ने कहा कि एलीवेटेड रोड बनने से यातायात सुगम होगा। शीघ्र ही राठौर चौक से सागरताल रोड का कार्य भी प्रारंभ होगा। भूमि पूजन के अवसर अशोक शर्मा, महेश भदौरिया, दीपक मांझी, हेतराम मांझी, कृष्ण राव दीक्षित, धीरू यादव, राकेश मांझी, भगवानदास मांझी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन कार्यों का किया भूमिपूजन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर में वार्ड-6 में 1.82 करोड़ से अधिक राशि की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें 6 लाख 30 हजार 947 रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन नाला निर्माण कार्य, 11 लाख 62 हजार 929 रुपये की लागत से बनने जा रही सीमेंट कांक्रीट रोड व नाली निर्माण कार्य, मुन्ना ढोल वाली गली में 26 लाख 34 हजार 486 रुपये की लागत से सीमेंट रोड एवं नाली निर्माण कार्य, पप्पू रजक वाली गली में सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य, कुशवाह मोहल्ले में सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य, डुढैल वाली माता मंदिर के पास 5 लाख 09 हजार 264 रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, हीरा भूमिया प्रांगण में 9 लाख 39 हजार 693 रुपये की लागत से हॉल निर्माण कार्य, श्री पंचमुखी महादेव मंदिर के पास 6 लाख 52 हजार 332 रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, जगनापुरा नं 01 में 4 लाख 85 हजार 260 रुपये की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड व नाली निर्माण कार्य का, वार्ड क्रमांक 06 में 9 लाख 39 हजार 693 की लागत से सत्यनारायण के चबूतरे पर सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, वार्ड क्रमांक 06 जहांगीर कटरा में 7 लाख 42 हजार 222 रुपये की लागत से उचाडिया बाबा मंदिर के पास निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

