ग्वालियरः अधिकारियों ने जन-सुनवाई में सुनी 104 लोगों की समस्या

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः अधिकारियों ने जन-सुनवाई में सुनी 104 लोगों की समस्या


ग्वालियरः अधिकारियों ने जन-सुनवाई में सुनी 104 लोगों की समस्या


ग्वालियर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जन-सुनवाई में 104 आमजनों की समस्याएं सुनी गईं। अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के सीईओ सोजान सिंह रावत व एडीएम सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। जन-सुनवाई में कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 47 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 57 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।

भोपाल में अधिकारियों ने सुनी आवेदकों की समस्याएं

इधर, भोपाल में भी कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में एडीएम अंकुर मेश्राम, पीसी शाक्य, प्रकाश नायक ने मंगलवार को जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में आए नागरिकों से लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story