ग्वालियर: मामा ससुर के घर से लौट रहे स्कूटी सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर: मामा ससुर के घर से लौट रहे स्कूटी सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत


ग्वालियर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के संजय नगर पुल पर सोमवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां मामा ससुर के घर से लौट रहे स्कूटी सवार युवक को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर तड़पता रहा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम मऊ निवासी सत्यप्रकाश लोधी पुत्र भीकम सिंह लोधी एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोमवार को वह पारिवारिक काम से हजीरा क्षेत्र में रहने वाले अपने मामा ससुर के घर आया था। रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद वह स्कूटी से वापस मऊ लौट रहा था।बताया जा रहा है कि जैसे ही सत्यप्रकाश संजय नगर पुल पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक स्कूटी समेत सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। देर रात सड़क से गुजर रहे लोगों ने युवक को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस और चेतक मोबाइल मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को तत्काल बिरला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने सत्यप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसे में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story