ग्वालियर : सागरताल के फोम गोदाम में भीषण आग, बाल-बाल बचा पेट्रोल पंप, फायर बिग्रेड ने पाया काबू
ग्वालियर, 18 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के सागरताल क्षेत्र में सोमवार तड़के एक कबाड़ और गाड़ियों की सीट बनाने वाले गोदाम में भीषण आग लग गई। रिहायशी इलाके में स्थित इस गोदाम में लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास की बस्तियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, आग सोमवार सुबह करीब 5 बजे लगी। गोदाम में गाड़ियों की सीट बनाने के लिए भारी मात्रा में फोम और ज्वलनशील कबाड़ रखा हुआ था, जिसने लपटों को तेजी से हवा दी। आसमान में उठते काले धुएं और लपटों को देख स्थानीय लोग नींद से जागे और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। नजदीकी पुरानी छावनी थाना पुलिस और फायर मुख्यालय से तत्काल रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने सबसे पहले प्रभावित गोदाम के आसपास बने मकानों को खाली कराया।
चश्मदीदों के मुताबिक, यह आग एक बड़ी तबाही का सबब बन सकती थी। घटनास्थल से महज दो-तीन मकानों की दूरी पर एक पेट्रोल पंप और दूसरी तरफ एक मैरिज गार्डन स्थित है। गनीमत रही कि हवा का रुख अनुकूल था और दमकल कर्मियों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया, अन्यथा रिहायशी इलाके में एक बड़ा विस्फोट या भारी जनहानि हो सकती थी।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर के रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से संचालित हो रहे व्यावसायिक गोदामों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घनी बस्तियों में कबाड़ और फोम जैसे ज्वलनशील पदार्थों के गोदामों पर सख्त पाबंदी होने के बावजूद, प्रशासन की नाक के नीचे ये धड़ल्ले से चल रहे हैं। फिलहाल, पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

