ग्वालियर: शहर में तेज हुई गर्मी, पारा पहुंचा 44 के पास

WhatsApp Channel Join Now

ग्वालियर, 16 मई (हि.स.)। मौसम अब काफी गर्म हो गया है। ग्वालियर में गुरुवार का दिन सबसे गर्म रहा। वर्तमान मौसम में यहां पहली बार अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है जबकि 18 व 19 मई को बादल छा सकते हैं।

ग्वालियर में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क है। जिससे सूरज सुबह से ही रौद्र रूप दिखा रहा है। उत्तर-पश्चिम से आ रहीं गर्म व शुष्क हवाएं मौसम को और अधिक गर्म बना रही हैं क्योंकि हवाओं में नमी नहीं है। गुरुवार को भी सुबह से ही सूरज के तेवर काफी तल्ख नजर आए। दिन चढऩे के साथ धूप लगातार असहनीय होती चली गई। इसके चलते पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 3.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 40 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 01 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 17 प्रतिशत रह गई जो सामान्य से 08 प्रतिशत कम है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि इस समय ग्वालियर-चंबल संभाग के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। साथ ही राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं आ रही हैं। हालांकि वर्तमान में मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भाग में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है लेकिन उसका प्रभाव ग्वालियर-चंबल संभाग में नहीं है इसलिए यहां शक्रवार को भी मौसम इसी प्रकार गर्म रहने की संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात्रि में पश्चिमी हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 18 व 19 मई को ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल नजर आ सकते हैं। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना कम है लेकिन अत्यधिक गर्मी पडऩे की स्थिति में स्थानीय प्रभाव से कहीं-कहीं आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story