ग्वालियर: पांचवें दिन भी छाया रहा घना कोहरा, बुधवार को भी काेहरे के आसार

WhatsApp Channel Join Now

-दोपहर में धूप निकलने के बाद भी शीतलहर से ठिठुरता रहा शहर

ग्वालियर, 07 जनवरी (हि.स.)। शहर में मंगलवार काे लगातार पांचवें दिन घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दोपहर में धूप निकल आई लेकिन सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी सुबह कोहरा पड़ सकता है।

शहर में पिछले पांच दिनों से कोहरा व शीतलहर का प्रकोप जारी है। मंगलवार को सुबह से दोपहर लगभग 12 बजे तक कोहरा छाया रहा। सुबह कोहरा अत्यधिक घना होने से दृश्यता लगभग 50 मीटर रही। दोपहर 12 बजे के बाद सूरज के दर्शन हुए। इसके बाद मौसम शुष्क बना रहा और धूप खिली रही लेकिन सर्द हवाओं की वजह से ठंड का प्रकोप कम नहीं हुआ। शीतलहर के चलते शहरवासी ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान में बनी मौसम प्रणालियां अब आगे बढ़ गई हैं लेकिन अभी हवाओं में नमी मौजूद होने से बुधवार को सुबह भी मध्यम से घना कोहरा पड़ सकता है जबकि दिन मेंं मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में अगले दो से तीन दिन तक उत्तरी सर्द हवाओं का प्रकोप और बढ़ सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को हिमालय में ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसका प्रभाव 11 से 12 जनवरी के आसपास दिखेगा। इसके प्रभाव से मौसम में एक बार फिर परिवर्तन देखने को मिल सकता है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 92 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 05 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 77 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा

Share this story