ग्वालियरः कलेक्टर ने रोजगार मेले में किया युवाओं से संवाद, कहा- जॉब क्रिएटर बनें

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियरः कलेक्टर ने रोजगार मेले में किया युवाओं से संवाद, कहा- जॉब क्रिएटर बनें


ग्वालियरः कलेक्टर ने रोजगार मेले में किया युवाओं से संवाद, कहा- जॉब क्रिएटर बनें


ग्वालियर, 28 जुलाई (हि.स.)। बदलते समय में केवल नौकरी की तलाश ही एकमात्र विकल्प नहीं है। सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर युवा स्वयं का उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर जॉब क्रिएटर बन सकते हैं। अर्थात स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ -साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।

यह बात मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने मंगलवार को गारमेंट पार्क स्थित रोजगार कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेला सह युवा संगम में युवाओं से संवाद करते हुए कही। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का संकल्प लें।

कलेक्टर ने इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न कंपनियों में रोजगार की तलाश में आए युवाओं से आत्मीय संवाद किया और उन्हें शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। आवश्यकता केवल अवसर का लाभ उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तहत अन्य स्वरोजगार मूलक योजनाओं का लाभ लेकर उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया युवाओं को समझाई।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना तथा मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इस पोर्टल पर युवा कर सकते हैं आवेदन

कलेक्टर ने युवाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह करते हुए बताया कि सभी पात्र आवेदक SAMAST पोर्टल https://samast.mponline.gov.in/portal/register पर ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शासन की इन योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर जिले के अधिक से अधिक युवा सफल उद्यमी बनेंगे और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रोजगार मेला का जायजा लेने के दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिला रोजगार अधिकारी को रोजगार मेला में आने वाली विभिन्न कंपनियों में आवेदन करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जो कंपनियां युवाओं के आवेदन लेने के बाद नौकरी देने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाती हैं, उन्हें ब्लेक लिस्ट करें।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 162 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई

इधर, ग्वालियर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 162 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व एडीएम सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक- एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। जन-सुनवाई में कुल 162 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 105 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 57 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story