गुरु पूर्णिमा पर भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, सावन मास की तैयारियां पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को विश्व प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिले सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और गुरु परंपरा का स्मरण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और गुरु पूजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चैतन्य आश्रम, मैनपुरिया के पीठाधीश्वर स्वामी मणि महेश जी महाराज ने बताया कि भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की स्थापना परम पूज्य स्वामी प्रत्यक्षानंद जी महाराज ने की थी। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गुरु पूजन किया गया। चैतन्य आश्रम में भी दिनभर गुरु वंदना, पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

इधर, गुरुवार से प्रारंभ हो रहे सावन मास और पहले सावन सोमवार को देखते हुए पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति के अनुसार सावन में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

मंदिर के पुजारी राकेश भट्ट ने बताया कि सावन मास के शुभारंभ पर स्वामी प्रत्यक्षानंद जी महाराज एवं मस्तराम जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर विधिवत पूजा के साथ सावन मास का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने बताया कि सावन मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः 5 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। इसके बाद भगवान का अभिषेक, श्रृंगार और आरती होगी। पूर्वाह्न 11 बजे राजभोग अर्पित किया जाएगा तथा रात्रि में शयन आरती के उपरांत 11 बजे मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार सावन मास में जिले के अलावा प्रदेश और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story