गुरु नानक देव जी ने समाज को नई दिशा दी, उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण करना चाहिए: हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव जी ने समाज को नई दिशा दी, उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण करना चाहिए: हेमंत खण्डेलवाल


भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया और गुरु वाणी एवं कीर्तन का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने देश और समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी डॉ. निशांत खरे भी उपस्थित रहे।

कांग्रेस को संगठन और नेतृत्व संभालने की जरूरत

गुरुद्वारे में दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कांग्रेस छोड़कर जा रहे कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं का कांग्रेस छोड़ना पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय है। कांग्रेस को अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यप्रणाली पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। जनता का विश्वास लगातार कांग्रेस से कम हो रहा है। पार्टी को सबसे पहले अपने संगठन और नेताओं को संभालने की जरूरत है।

उन्होंने कांग्रेस में नए लोगों के शामिल होने और कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर कहा कि कौन कांग्रेस में आएगा और कौन जाएगा, यह भविष्य बताएगा। जीतू पटवारी कांग्रेस के नेता हैं, वे ही बता सकते हैं कि कितने लोगों को पार्टी में ला पाएंगे और कितने कार्यकर्ताओं को संगठन में बनाए रख पाएंगे।

चुनाव परिणामों का समग्रता में आकलन जरूरी

राजस्थान में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर खण्डेलवाल ने कहा कि पंचायत चुनावों के नतीजे अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे, जबकि नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को जीत मिली है। चुनाव परिणामों का आकलन समग्रता में किया जाना चाहिए। दो दिन के परिणामों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक चुनाव पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ लड़ती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story