गुना में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 घायल, मन्नत पूरी होने पर निहाल देवी मंदिर जा रहा था परिवार

WhatsApp Channel Join Now
गुना में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 घायल, मन्नत पूरी होने पर निहाल देवी मंदिर जा रहा था परिवार


गुना, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के सिरसी क्षेत्र में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां निहाल देवी मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुतली घाटी के पास अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में 25 से अधिक लोग सवार थे, जो निर्भयगढ़ गांव से निहाल देवी मंदिर पूजा और भंडारे के लिए जा रहे थे। पुतली घाटी के अंधे मोड़ पर सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस हादसे में शियूकर बाई (40), ज्योति बाई (24), राहुल (23), कविता (8) और भूरी (5) घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार के है। घायलों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि परिवार ने पहले मन्नत मांगी थी, जो पूरी होने के बाद सभी लोग पूजा-अर्चना और भंडारे के लिए निहाल देवी मंदिर जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अंधा मोड़ और अचानक ब्रेक लगाना बताया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story