गुना: स्कूल में मधुमक्खियों के झुंड का हमला, बच्चाें समेत 36 से अधिक लाेग घायल, आधे घंटे तक अफरा-तफरी
गुना, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के प्रमुख निजी स्कूल वंदना कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार सुबह प्रार्थना सभा से पहले मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में 36 से अधिक छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्कूल स्टाफ घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे रोज की तरह स्कूल परिसर में प्रार्थना के लिए एकत्र हो रहे थे, तभी परिसर में स्थित एक पेड़ से मधुमक्खियों का झुंड नीचे आया और लोगों पर टूट पड़ा। देखते ही देखते शांत माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया। जान बचाने के लिए बच्चे इधर-उधर भागने लगे, कई गिर पड़े, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। करीब आधे घंटे तक स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से प्रभावित बच्चों के अभिभावकों को सूचना देकर उन्हें घर भेजा गया, जबकि कुछ को एहतियातन नजदीकी अस्पताल भी ले जाया गया। इसके बाद में स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी गई।
प्रशासन मौके पर, छत्ते हटाने के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से जानकारी लेकर परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।
अभिभावकों की नाराजगी, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि उन्हें अपने बच्चों से तुरंत मिलने नहीं दिया गया, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई। वहीं, इस हादसे के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि समय रहते छत्ते हटाए जाते तो यह घटना टल सकती थी।
बीईओ बाेली- सभी सुरक्षित
बीईओ गरिमा टोप्पो ने बताया कि “यह एक आकस्मिक घटना थी, जिस पर किसी का नियंत्रण नहीं होता। स्कूल प्रबंधन ने स्थिति को अच्छे से संभाला और समय पर उपचार कराया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं, किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ।” फिलहाल स्कूल परिसर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

