गुना में बुजुर्ग दंपती के घर डकैती, रात में घुसे 5 बदमाश, 4 लाख का माल ले उड़े

WhatsApp Channel Join Now
गुना में बुजुर्ग दंपती के घर डकैती, रात में घुसे 5 बदमाश, 4 लाख का माल ले उड़े


गुना, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना शहर की पॉश एम-3 टाउन कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई डकैती की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजविलास होटल के पास स्थित कॉलोनी में करीब पांच बदमाश एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुस गए और जान से मारने की धमकी देकर करीब 4 लाख रुपए के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित रामजीलाल शिवहरे ने बताया कि वह पत्नी के साथ घर में अकेले थे। उनका बेटा काम से शिवपुरी गया हुआ था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे। इसी दौरान रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बदमाश घर में दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि बदमाश पहले एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और फिर उस कमरे तक पहुंच गए जहां बुजुर्ग दंपती सो रहे थे। अचानक सामने बदमाशों को देखकर दंपती घबरा गए। आरोपियों ने महिला को धमकाते हुए कहा, “शोर मचाया तो जान से मार देंगे।” डर के माहौल में बदमाशों ने महिला के कानों से टॉप्स तक उतरवा लिए।

डेढ़ तोले की चेन, अंगूठियां और नकदी ले गए

बदमाश घर से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन, एक-एक तोले की तीन सोने की अंगूठियां, पांच ग्राम के कानों के टॉप्स और लगभग 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है। वारदात के बाद बदमाश घर से करीब 100 मीटर दूर कपड़े बदलते भी देखे गए। इसके बाद वे कॉलोनी की दीवार फांदकर फरार हो गए।

कपड़ों की रस्सी बनाकर फांदी दीवार

घटना स्थल के पास पुलिस को कपड़ों से बनी एक अस्थायी रस्सी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने इसी के सहारे कॉलोनी की बाउंड्री वॉल पार की। हैरानी की बात यह रही कि कॉलोनी का सिक्योरिटी गार्ड घटनास्थल से महज दो घर की दूरी पर मौजूद था, लेकिन उसे वारदात की भनक तक नहीं लगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कॉलोनियों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story