अनूपपुर: सोन नदी में मछली पकड़ने गए अतिथि शिक्षक की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने निकाला शव

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: सोन नदी में मछली पकड़ने गए अतिथि शिक्षक की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने निकाला शव


अनूपपुर: सोन नदी में मछली पकड़ने गए अतिथि शिक्षक की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने निकाला शव


अनूपपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के दूधिया घाट पर रविवार शाम मछली पकड़ने गए 38 वर्षीय अतिथि शिक्षक महेंद्र कुमार रैदास की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने सोमवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 9 बजे शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेजा, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र कुमार रैदास, पुत्र मतिराम रैदास, निवासी ग्राम मीठी, थाना सीधी, जिला शहडोल, जैतहरी के माडल स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। रविवार को वह अपने साथी विजय चौधरी के साथ दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए थे। लौटते समय नदी के एक छोर से दूसरे छोर की ओर आते हुए उनका पैर पानी के भीतर किसी वस्तु में उलझ गया। उन्होंने पैर छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। साथी विजय चौधरी ने भी पानी में उतरकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे गहरे पानी में डूब चुके थे।

घटना की सूचना मिलने पर रविवार शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने पुनः रेस्क्यू अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे बाद शिक्षक का शव बरामद कर लिया। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के नायक मुन्ना लाल रविदास तथा सैनिक अनुज कुमार, सुनील सिंह, बृजभान सिंह, रामेश्वर सिंह, देवेंद्र सिंह, रामभरोसे सिंह और प्रहलाद सिंह शामिल रहे।

जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि जिस स्थान पर महेंद्र कुमार रैदास डूबे, वहां नदी काफी गहरी है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि जलकुंभी या अन्य जल वनस्पतियों में उनका पैर फंस गया, जिससे वे संतुलन खो बैठे और तैरकर बाहर नहीं निकल सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story