जबलपुरः जीआरपी ने भटके 12 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः जीआरपी ने भटके 12 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया


जबलपुरः जीआरपी ने भटके 12 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया


जबलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जीआरपी ने ऑपरेशन हमदर्द के तहत सराहनीय कार्य करते हुए एक भटके हुए 12 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया।

थाना प्रभारी जीआरपी संजीवनी राजपूत ने रविवार को बताया कि जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान पुलिस स्टाफ को एक 12 वर्षीय बालक अकेला घूमता हुआ मिला। पूछताछ में पता चला कि वह थाना सुजालपुर, जिला शाजापुर का रहने वाला है और बिना किसी को बताए घर से निकलकर भटकते हुए जबलपुर पहुंच गया था।

पुलिस टीम बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर थाना जीआरपी जबलपुर पहुंची। वहां उससे सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ कर उसके परिजनों की जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाना बुलाया गया।

कुछ ही समय बाद बालक के परिजन एवं उसके मामा थाना जीआरपी जबलपुर पहुंचे। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजनों ने जीआरपी जबलपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल वीरन महोबिया, हेड कॉन्स्टेबल धीरेन्द्र सिंह बैस, हेड कॉन्स्टेबल परशुराम तथा आरक्षक सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story