अनूपपुर: कोतमा में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करेगा नया तहसील भवन-राज्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कोतमा में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करेगा नया तहसील भवन-राज्यमंत्री


अनूपपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश का अनूपपुर जिला विकास के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व तथा जिले के समस्त अधिकारियों के सामंजस्यपूर्ण प्रयासों से जिला प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात प्रदान की गई है। इन्हीं में से एक महत्वपूर्ण परियोजना कोतमा में नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय परिसर का निर्माण है, जिसका आज भूमि पूजन संपन्न हुआ। कोतमा में प्रशासनिक ढांचे को नया तहसील भवन मजबूत करेगा।

यह बात प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल गुरूवार को जिले के कोतमा में आयोजित नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। राज्यमंत्री ने कहा कि जब विधायिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ कार्य करती हैं, तो सभी योजनाएँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होती हैं। उन्होंने संबंधित निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त तहसील कार्यालय परिसर का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि कोतमा क्षेत्र के नागरिकों को शीघ्र इसका लाभ प्राप्त हो सके। राज्यमंत्री कहा कि कोतमा में 911.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करेगा तथा नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएँ एक ही परिसर में सुलभ होंगी।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि कोतमा में नवीन तहसील भवन के निर्माण से आम नागरिकों एवं अधिवक्ताओं को राजस्व संबंधी अनेक सुविधाएँ सुलभ हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि अनूपपुर जिले में विकास कार्य तीव्र गति से संचालित हो रहे हैं तथा जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समुचित लाभ सभी नागरिकों तक पहुँचे। आमजन से संबंधित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु जिला प्रशासन सतत प्रयासरत है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोतमा के अध्यक्ष जीवन सिंह, उपाध्यक्ष, नगरपालिका कोतमा के अध्यक्ष अजय सराफ, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी. आर. नाग, तहसीलदार कोतमा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिवक्तागण सहित आमजन उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story