जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह ने 24 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह ने 24 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण


- विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहेगी-मंत्री सिंह

जबलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शुक्रवार को पश्चिम विधानसभा के आठ वार्डों में लगभग 24 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इन निर्माण कार्यों में सड़क, नाली, रंगमंच, तालाब सौंदर्यीकरण, टीन शेड, पेवर ब्लॉक, पानी की टंकी आदि शामिल हैं।

इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने प्रत्येक वार्ड में सभा कर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा तेजी से बह रही है और इसी क्रम में जबलपुर मे भी लगातार विकास के कार्य हो रहे हैं। उन्होने कहा कि अभी दो सालो में जबलपुर में 3500 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृत किया गया है। पश्चिम विधानसभा में भी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता ने चुनाव में जिस भावना से खुल कर आशीर्वाद दिया और उसी अनुरूप विकास के कार्य हो रहे हैं। चुनाव के दौरान जिन विकास कार्यो का आश्वासन दिया गया था, उन्हें तो पूरा कर ही रहे हैं, साथ ही जनता के लिये अन्य आवश्यक विकास कार्यों को मूर्त रूप में ला रहे हैं। मंत्री सिंह ने जबलपुर के विकास गाथा की जानकारी देते हुये कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओव्हर बनकर तैयार है और अन्य फ्लाई ओव्हर भी बनेंगे। नर्मदा के घाट को भव्यतम व सुविधाजनक रूप से विकसित किया जायेगा, जो देश में सबसे सुंदरतम घाटों में गिना जायेगा, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आयेंगे।

उन्होंने कहा कि जबलपुर के विकास को नई उचाईयां देने के लिए रोप-वे की कार्ययोजना है, जो शीघ्र ही पूरा होगा। इसके साथ ही उन्होंने शहर में किये गये कई विकास कार्यों की जानकारी दी। मंत्री सिंह ने कहा कि वे हमेशा जबलपुर के विकास के लिए समर्पित हैं, मंत्री होने के नाते पूरे प्रदेश में विकास कार्यों के लिए जाना पड़ता है, लेकिन सबसे ज्यादा नज़र पश्चिम विधानसभा में होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम विधानसभा में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहेगी। जहां-जहां जनता को विकास की आवश्यकता होगी उसे पूरा करने का प्रयास किया जायेगा। ठाकुरताल में 300 करोड़ की लागत से आकर्षक जू बनाया जायेगा, जो पर्यटन, रोजगार व अध्यात्म का आकर्षक केन्द्र होगा।

उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जनता की कठिनाईयों को दूर करने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे जनता के प्रति जवाबदेह बने और उनकी समस्याओं का निराकरण करें। कार्यक्रम के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, अभय सिंह ठाकुर, पंकज दुबे, पार्षद राहुल साहू, जीतू कटारे, पूजा श्रीराम पटेल, प्रिया संजय तिवारी, दिलीप पटेल, मंडल अध्यक्ष प्रणय गुप्ता, शैलेन्द्र विश्वकर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व जन सामान्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story