ग्रीन सिंहस्थ: शहर के चारों ओर,शिप्रा नदी के दोनों ओर लगेंगे फल-फूल-छायादार वृक्ष
उज्जैन, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 को ग्रीन सिंहस्थ बनाने की मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की कल्पना को साकार करने के लिए नगर निगम,स्मार्ट सिटी,वन और उद्यानिकी विभाग द्वारा एकसाथ मिलकर कार्य किया जाएगा। शहर के चारों ओर,शिप्रा नदी के दोनों ओर फल-फूल एवं छाया देनेवाले वृक्षों को लगाया जाएगा। इसके लिए मदर नर्सरी बनाई जाएगी।
शनिवार को प्रदेश के नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे की अध्यक्षता और सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह व कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की उपस्थिति में सिंहस्थ मेला कार्यालय में ग्रीन सिंहस्थ को मूर्त रूप देने के लिए बैठक हुई। बैठक में ग्रीन सिंहस्थ के लिए बनाई गई कार्ययोजना पर चर्चा कर नगर निगम, स्मार्ट सिटी, वन विभाग, उद्यानिकी विभाग और अन्य संबंधित विभागों को तथा शिप्रा रीवरफ्रंट डेवलपमेंट और मां शिप्रा की आरती को वैभव प्रदान करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
ग्रीन सिंहस्थ के लिए वृहद स्तर पर पौधारोपण प्रस्तावित है। उक्त कार्य को मूर्त देने के लिए मदर नर्सरी विकसित करने, सिंहस्थ 2028 दृष्टिगत निर्माणाधीन मार्गों और जिले के अन्य मार्गों के किनारे और डिवाईडरों पर गुलमोहर, पलाश, टिकोमा, अमलताश, कचनार, आम, अमरूद, बेलपत्र, नीम, पीपल, इमली, शीशम, जामुन आदि किस्मों के फुल, फल और छाया वाले पौधों को लगाने के निर्देश दिए। पौधारोपण के लिए निर्धारित मापदंडों अनुसार गड्डे खोदना, क्लोजर ऐरिया विकसित करना, पौधारोपण कर जीयो टेगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रोपे गए पौधों के समुचित विकास के लिए नगर निगम को गीले कचरे का उपयोग कर वर्मीकंपोस्ट बनाने की क्षमता का विकास करने और जलकुंभी से खाद बनाने आदि के निर्देश भी दिए।
श्री भोंडवे ने सडक़ किनारे रोपे जाने वाले पौधों और नगर में स्थित उद्यानों को सामाजिक संस्थाओं को गोद देने के निर्देश दिए। जिससे पौधारोपण की प्रक्रिया में नागरिक भी भागीदार बनकर पौधों के विकास और रखरखाव में सहभागी बने। उन्होने पुराने उद्यानों का कायाकल्प करने और पौधारोपण के लिए वन विभाग, नगर निगम, जिला पंचायत, स्मार्ट सिटी, उद्यानिकी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं के दल गठित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम सीमा में होगा 10 लाख पौधो का रोपण
बैठक में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि सिंहस्थ-2028 और अन्य मुख्य पर्वों पर आने वाले श्रद्धालुओं के सुव्यवस्थित ट्रेफिक मुवमेंट के लिए सर्वे कर जिले के पहुंच मार्गों पर आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। प्रमुख मार्गों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन डेवलप किए जा रहे हैं। पौधारोपण कार्य हेतु भूमि की पहचान, भूमि की तैयारी, एनजीओ के चयन, पौधों की रोपण आदि प्रक्रिया की जा रही है। नगर निगम द्वारा उज्जैन शहरी वनीकरण परियोजना अंतर्गत नगर निगम सीमा में 10 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधे सम्राट विक्रमादित्य विवि, एमआर-5, मेघदूत पार्किंग के पीछे, चकोर पार्क, शक्ति पथ रोड, पीलिया खाल नाले के दोनों तरफ, शहर के 400 से अधिक उद्यानों में, शहर के विभिन्न मार्गों के सडक़ किनारे एवं मीडियन पर, संस्थानिक भूमि और अन्य सरकारी कार्यालयों के परिसर में लगाए जाएंगे।
बैठक में निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

