महाकाल लोक की तर्ज पर मुरैना में विकसित होगा भव्य ‘शनिलोक’, 34.97 करोड़ की परियोजना तैयार

WhatsApp Channel Join Now
महाकाल लोक की तर्ज पर मुरैना में विकसित होगा भव्य ‘शनिलोक’, 34.97 करोड़ की परियोजना तैयार


मुरैना, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मंदिर परिसर को ‘शनिलोक’ के रूप में आकार देने के लिए 34.97 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित की गई है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विकास योजना की समीक्षा की तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

शनिचरा मंदिर के समग्र विकास को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वर्तमान व्यवस्थाओं एवं आवश्यक विकास कार्यों का जायजा लिया। ग्वालियर से आई प्रोजेक्ट टीम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यवस्थाओं और आवश्यक समन्वय पर भी चर्चा हुई।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि शनिचरा मंदिर को महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य स्वरूप देते हुए ‘शनिलोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। मंदिर की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। सुगम आवागमन, स्वच्छता, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने मंदिर परिसर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तकनीकी परीक्षण कर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। बड़े आकार की पाइपलाइन के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित करने तथा मंदिर के पीछे निकास क्षेत्र के समीप भूमि समतल कराने को कहा। भूमि कटाव रोकने के लिए आवश्यकतानुसार रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश भी दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर परिसर स्थित कुंड का विकास धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप करने पर जोर दिया। उन्होंने कुंड को प्रतीकात्मक स्वरूप में बेहतर ढंग से विकसित करने, दुकानों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा नहीं आने देने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियों एवं ऊपरी निकास क्षेत्र में रैंप, शेड, पर्याप्त स्वच्छ शौचालय और कथा स्थल विकसित किए जाएंगे। लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के समीप भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने तथा सप्तऋषि मंडल के लिए विशेष स्थल विकसित करने की योजना भी है। इन सभी स्थलों को मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा शनिचरा मंदिर के समग्र विकास के लिए 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपये की विस्तृत परियोजना तैयार की गई है। भारत सरकार की पीआरएएसएचएडी (प्रसाद) योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की क्रियान्वयन अवधि 24 माह निर्धारित की गई है। मंदिर की कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य होंगे, जिसमें 3.89 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण एवं अन्य विकास गतिविधियां प्रस्तावित हैं, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित एवं संरक्षित किया जाएगा।

परियोजना में करीब 300 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, 500 श्रद्धालुओं की क्षमता की भोजनशाला, 20 प्रसाद काउंटर एवं दुकानें, विश्राम स्थल, डे-शेल्टर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बैठने के स्थान और आवागमन के लिए सुव्यवस्थित मार्ग बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्नान कुंड, कथा स्थल, श्रीराम स्थल, सप्तऋषि मंडल चबूतरा, मंदिर का बाहरी प्रकाशीकरण, बाल, जूते एवं वस्त्र संग्रहण की सुविधा वाला परिसर, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी विकसित किए जाएंगे।

परियोजना के वास्तुशिल्प में क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समाहित किया जाएगा। सर्वसुविधा परिसर में शनि यंत्र की प्रतिकृति, ग्वालियर दुर्ग से प्रेरित कलात्मक रूपांकन तथा मितावली के चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित स्तंभ एवं अन्य वास्तु तत्व प्रस्तावित हैं।

परियोजना पूरी होने के बाद शनिचरा मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा और मुरैना जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में मंदिर में प्रतिवर्ष करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। आगामी दस वर्षों में यह संख्या बढ़कर 30 लाख प्रतिवर्ष तक पहुंच सकती है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश एवं निकास मार्ग, कतार प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, होल्डिंग एरिया और परिधीय पार्किंग से शटल सेवा जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।

शनिचरा मंदिर के आसपास बटेश्वर मंदिर समूह, पढ़ावली, मितावली स्थित चौसठ योगिनी मंदिर, ककनमठ मंदिर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य और सबलगढ़ किला जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल हैं। इन स्थलों को धार्मिक पर्यटन से जोड़कर मुरैना को प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने की संभावनाएं हैं।

निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन औसतन 140 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं परियोजना के संचालन के बाद सुरक्षा, पार्किंग, दुकानें, साफ-सफाई, उद्यानिकी एवं प्रशासनिक गतिविधियों में करीब 120 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी हरिश्चंद्र बघेल सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story