सागर: पार्थिव शिवलिंग निर्माण और महारुद्र यज्ञ में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने की सहभागिता
सागर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित पांच दिवसीय श्री महारुद्रयज्ञ, असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महारुद्र अभिषेक कार्यक्रम में सोमवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी धर्मपत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत के साथ सहभागिता की।
इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में उन्होंने विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अभिषेक किया और क्षेत्रवासियों के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। यह भव्य धार्मिक आयोजन सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े द्वारा परम पूज्य संत केशव महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सावन माह में शिव आराधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में मिट्टी से शिवलिंग बनाकर पूजन करना अत्यंत पुण्यदायी है। भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा और कल्याण के प्रतीक हैं। सावन में शिव पूजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री राजपूत ने आगे कहा कि श्री महा रुद्र यज्ञ और पार्थिव शिवलिंग निर्माण का यह अनुष्ठान केवल एक धार्मिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विश्व कल्याण और सर्वजन मंगल की भावना से जुड़ा कार्य है। उन्होंने सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सावन माह में ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का कार्य प्रशंसनीय है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की और परिवार, प्रदेश व राष्ट्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

