रीवा में सरकारी शिक्षक ने खुद काे पिस्टल से गाेली मारी, पारिवारिक विवाद की आशंका, सुसाइड नोट नहीं मिला

WhatsApp Channel Join Now
रीवा में सरकारी शिक्षक ने खुद काे पिस्टल से गाेली मारी, पारिवारिक विवाद की आशंका, सुसाइड नोट नहीं मिला


रीवा, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सरकारी शिक्षक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक, शिक्षक की पहचान वार्ड नंबर-10 निवासी सुभाष तिवारी (48) के रूप में हुई है। वे शासकीय स्कूल टीकर में पदस्थ थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 से 11 बजे सुभाष तिवारी कमरे में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थीं। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन दाैड़कर कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ सुभाष पीठ के बल पड़े थे। पिस्टल छाती पर रखी मिली है।सूचना मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इनकी जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी पारिवारिक कारणों से घटना होने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story