रोजाना प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे सरकार के मंत्री, कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर समस्याओं का करेंगे निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
रोजाना प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे सरकार के मंत्री, कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर समस्याओं का करेंगे निराकरण


भाेपाल, 1 दिसंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के विचार विमर्श के बाद संगठन और सत्ता दोनों का समन्वय बनाए रखने के लिए एक व्यवस्था बनाई गई है। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में सरकार के मंत्रीगण हर दिन 2 घंटे दोपहर 1 से 3 बजे तक नियमित रूप से बैठेंगे। इसी क्रम में साेमवार काे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री गौतम टटवाल कार्यालय में बैठे थे।

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से पूरे मध्य प्रदेश के कार्यकर्ता भोपाल आते हैं और मंत्रिगणों से मुलाकात करना चाहते हैं। उनकी कोई ना कोई समस्याएं रहती है। जिले की छोटी बड़ी समस्याएं व्यक्तिगत भी होती है, क्षेत्र की भी रहती है। संगठन की दृष्टि से कोई समस्या होती है तो उन समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए और कम से कम वह कार्यालय जाकर मंत्रीगणों के साथ बैठकर अपनी समस्या बता सकते हैं। हम भी यह कोशिश करेंगे कि उन समस्याओं का समाधान यथासंभव जल्द से जल्द किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि वास्तव में सराहनीय व्यवस्था है, हमको भी बहुत अच्छा लगा कि आज अनेक कार्यकर्ता हमसे आकर मिले। हम उन सब समस्याओं को सूचीबद्ध करेंगे, अगर कहीं विभिन्न विभागों की अलग-अलग विभागों की कोई समस्या है तो हम उसका फॉलोअप लेंगे। उनके कामों को लेकर कार्यकर्ताओं को जानकारी भी मिले और अगर काम हो जाता है तो उनको अवगत कराने का काम भी हम करेंगे। उन्‍होंने कहा कि इस बेहतरीन व्यवस्था के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को धन्यवाद देता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story