अनूपपुर: शासकीय कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाए – कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: शासकीय कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाए – कलेक्टर


अनूपपुर: शासकीय कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाए – कलेक्टर


अनूपपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। दोपहिया वाहन से कार्यालय आने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। एक सप्ताह में नियम का पालन नहीं करने वालों पर चालान करने के निर्देश सोमवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने समय-सीमा बैठक के दौरान दिए।

ज्ञात हो कि हाल में जिले में सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हुई। सोमवार की सुबह अनूपपुर-जैतहरी मार्ग पर छुलहा गांव के पास ट्रक और जीप की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई। शनिवार रात अनूपपुर-कोतमा मार्ग पर भोलगढ़ में दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की जान गई। इससे एक सप्ताह पहले कोतमा में दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई थी।

कलेक्टर ने सरकारी कर्मचारियों से यातायात नियमों का पालन करने और आम लोगों को भी जागरूक करने को कहा। उन्होंने जिले में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए कार्रवाई के निर्देश भी दिए। जिले से गुजरने वाले भारी और अन्य वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाना जरूरी होगा। इससे रात में सड़क किनारे या ब्लैक स्पॉट पर खड़े वाहन दूर से दिखाई देंगे और हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों के किनारे लगने वाले बाजारों के लिए वैकल्पिक जगह तय करने तथा उन्होंने ऐसी जगह चुनने को कहा, जहां जरूरी सुविधाएं दी जा सकें। चुनी गई जगहों पर बैरिकेडिंग, शेड, पहुंच मार्ग, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों के किनारे बाजार नहीं लगने चाहिए। इस काम को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।

उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विचरण करने वाले गोवंशों को प्राथमिकता के आधार पर गौशालाओं में शिफ्ट करने के लिए कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782146 Articles

Share this story