गोवर्धन पूजा में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संरक्षण का संदेश : राज्यपाल पटेल

WhatsApp Channel Join Now
गोवर्धन पूजा में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संरक्षण का संदेश : राज्यपाल पटेल


-राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई दी

भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमारी धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और प्रकृति के साथ सह अस्तित्व की जीवनशैली का प्रतीक है। गोवर्धन पूजन का उत्सव प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जिम्मेदारी का सामूहिक संकल्प है।

राज्यपाल पटेल ने साेमवार काे अपने संदेश में कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की आराधना का प्रसंग, हमें प्रकृति की रक्षा और संतुलित उपयोग का संदेश देता है। आज जब पर्यावरण संरक्षण वैश्विक चुनौती है, तब यह पर्व हमें हरियाली संवर्धन, जल संरक्षण और सतत जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें। प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें। अपने परिवेश में वृक्षारोपण एवं हरियाली को प्रोत्साहित करें। इस पर्व को भावी पीढ़ी में प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जागरूकता विकसित करने के संकल्प के रूप में मनाएँ। राज्यपाल ने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण का निर्माण संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story