सागरः ग्राम हफसली विधायक शैलेन्द्र जैन और मंत्री गोविंद राजपूत ने की गोवर्धन पूजा
सागर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में दीपावली के उपरांत सोमवार को ग्राम हफसली में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में और विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन शिरकत की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पूजन कार्यक्रम के पश्चात विधायक शैलेन्द्र जैन ने समस्त सागरवासियों एवं प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व हमारी सनातन संस्कृति, प्रकृति संरक्षण, कृषि व्यवस्था और गौवंश के प्रति आदर का प्रतीक है। आयोजन के दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय पशुपालक बंधुओं और डेयरी व्यवसायियों के साथ आयोजित आत्मीय संवाद रहा। विधायक एवं मंत्री ने प्रत्यक्ष रूप से ग्रामीणों की समस्याओं और प्राथमिक आवश्यकताओं को सुना। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पशुपालकों और डेयरी व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं का शीघ्रतिशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गोवर्धन भगवान की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

