अनूपपुर: डंपर से टकराया माल वाहक वाहन, 12 घायल
अनूपपुर,26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में ट्रक के पीछे मालवाहक वाहन की घुसने से 12 लोग घायल, 2 गंभीर, सीएचसी फुनगा में भर्ती, डंपर के अचानक रुकने से पीछे चल रहा मालवाहक टकराया, पीछे एक अन्य ने मारी टक्कर, बरहों में शामिल होने आ रहे थे
अनूपपुर जिले के फुनगा चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गुरुवार की रात करीब 10.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक(डंपर) के पीछे मालवाहक वाहन जा घुसा, जिस पर सवार 12 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस टीम ने अपनी वाहन से सबसे पहले घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा पहुंचाया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है।
चौकी प्रभारी सोनी सिंह परस्ते ने बताया कि फुनगा के पास नेशनल हाईवे 43 पर तेज रफ्तार में डंपर वाहन जा रहा था जिसके पीछे दो मालवाहक गाड़ियां भी जा रही थी। तभी किसी कारणवश आगे चल रहे डंपर वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। जिसके कारण पीछे चल रहा माल वाहक वहां डंपर के पीछे जा टकराया। इसी दौरान उसके पीछे चल रहा अन्य दूसरा मालवाहक ने आगे टकराई मालवाहक वाहन को जोरदार टक्कर मार दिया। जिसके कारण यह घटना ज्यादा भयावा बन गई। घायलों में सभी निवासी निगवानी के हैं जो निगरानी से अनूपपुर के करहीबाह गांव बरहो कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। घायलों में रामनंद कोल (40 वर्ष), शिवाजी कोल (17 वर्ष), बबली कोल (37 वर्ष), नारायणी कोल (50 वर्ष), देवकुमारी कोल (19 वर्ष), प्रमिला अगरिया (13 वर्ष), रामदीन कोल (50 वर्ष), सुनील कोल (17 वर्ष), कस्तूरी कोल (40 वर्ष), गोधनी (30 वर्ष), सुशीला कोल (32 वर्ष), ऋतुवती अगरिया (30 वर्ष), राधा कोल (70 वर्ष) शामिल हैं। घटना में चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते, सहायक उप निरीक्षक कोमल अर्जरिया, प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह, ट्रैफिक मित्र महेंद्र पनिका सहित अन्य पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-43 पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

