इंदौर में जैन मंदिर जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूटी, पीछा करने वालों को हथियार दिखाकर भागे बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में जैन मंदिर जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूटी, पीछा करने वालों को हथियार दिखाकर भागे बदमाश


दो थाना क्षेत्रों की पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

इंदौर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राजमोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार सुबह जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रही एक महिला से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और एमओजी लाइन की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

मल्हारगंज थाना पुलिस के अनुसार फरियादी इंदिरा जैन, राजमोहल्ला क्षेत्र की निवासी हैं। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वह वैष्णव स्कूल के सामने स्थित जैन मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग तत्काल बदमाशों के पीछे दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी एमओजी लाइन की ओर भागे। पीछा किए जाने पर उन्होंने हथियार दिखाकर लोगों को डराया, जिसके चलते कोई भी उन्हें पकड़ नहीं सका।

घटना की सूचना मिलते ही मल्हारगंज थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात दो थाना क्षेत्रों की सीमा के निकट होने के कारण दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story