श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई भगवान महावीर जयंती, निकली भव्य पालकी यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई भगवान महावीर जयंती, निकली भव्य पालकी यात्रा


मैहर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर नगर में सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के संदेशवाहक श्री 1008 भगवान महावीर की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर में साेमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर के अभिषेक और शांतिधारा से हुई, जो भक्तिभाव के साथ संपन्न कराई गई। इसके पश्चात सकल जैन समाज ने सामूहिक पूजन कर विश्व शांति एवं कल्याण की कामना की।

पूजन उपरांत प्रातः 8 बजे भगवान महावीर को भव्य पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए शोभायात्रा निकाली गई। यह पालकी यात्रा श्री दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली। यात्रा के दौरान भगवान महावीर के जयकारों से पूरा मैहर नगर गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस दौरान जैन समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में जिनेश्वर दास जैन, डॉ. कैलाश चंद जैन, रजनीश जैन, रमेश जैन, जितेश जैन, सुनील जैन, प्रमोद जैन, जयंत जैन, सुबोध जैन, राघव जैन, प्रभात जैन सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे। महिला वर्ग ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।

शोभायात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। जैन समाज के घरों के बाहर आकर्षक रंगोली सजाई गई थी। जैसे ही भगवान की पालकी घरों के सामने पहुंची, श्रद्धालुओं ने आरती और भक्ति नृत्य कर भगवान का अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story