जबलपुर में रील बनाते बरगी नहर में बही 4 लड़कियां, दो के शव मिले, एक अब भी लापता

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में रील बनाते बरगी नहर में बही 4 लड़कियां, दो के शव मिले, एक अब भी लापता


- एक लड़की ने तैरकर बचाई अपनी जान

जबलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का शौक एक बड़े हादसे में बदल गया। गुरुवार सुबह बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में रील बनाते समय चार लड़कियां पैर फिसलने से उफनती बरगी नहर के तेज बहाव में बह गईं। इस हादसे में दो के शव मिल चुके हैं, जबकि एक लड़की की तलाश अब भी जारी है। वहीं, एक ने तैरकर अपनी जान बचा ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सभी लड़कियां एक ही परिवार की हैं और गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आयी थीं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पांच लड़कियां नहर पर नहाने गई थीं। इसी दौरान चार लड़कियां नहर के किनारे मोबाइल से वीडियो (रील) बनाने लगीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं।

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही लड़कियां बहने लगीं, किनारे पर मौजूद एक युवती ने अपनी साड़ी फेंककर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि लड़कियां हाथ से छूट गईं। डूब रही लड़कियों में से एक को तैरना आता था, जिसने न केवल खुद को सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि अपनी सहेलियों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी मदद के लिए दौड़े, पर तब तक लड़कियां ओझल हो चुकी थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16 वर्ष) और सानिया पटेल (14 वर्ष) के शव घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर बरामद किए गए। वहीं, 14 वर्षीय तनु पटेल का अब तक सुराग नहीं मिल सका है, जिसकी तलाश में गोताखोर लगातार जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story