मप्र के दौरे पर आए जर्मनी के दल ने धार जिले में देखा फीडर सेपरेशन कार्य

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के दौरे पर आए जर्मनी के दल ने धार जिले में देखा फीडर सेपरेशन कार्य


भोपाल, 02 दिसम्बर (हि.स.)। केएफडब्ल्यू बैंक जर्मनी का दो सदस्यीय दल इन दिनों मध्य प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर है। दल में शामिल जोर्डिंस फ्लोदर और राहुल ठाकुर ने अपने प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तहत धार जिले के मनावर क्षेत्र का भ्रमण किया। इंदौर से मनावर पहुँचे दल का जोरदार स्वागत सत्कार किया गया। जोर्डिस फ्लोदर ने मनावर में केएफडबल्यू फंड से फीडर सेपरेशन के कार्यों को मौके पर जाकर देखा। मनावर बिजली संभाग जाराबाद के समीप करोदिया फीडर के सेपरेशन (विभक्तिकरण) कार्य का उन्होंने विस्तार से अवलोकन किया।

केएफडब्ल्यू बैंक की जोर्डिस फ्लोदर व राहुल ठाकुर ने मुख्य अभियंता कार्य एसएल करवाड़िया, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एससी वर्मा, धार के अधीक्षण यंत्री आशीष आचार्य व कार्यपालन यंत्री केएस तडवाल से जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि फीडर सेपरेशन से ग्रामीण क्षेत्र में आपूर्ति सुधार होगा, लॉस घटेगा, कृषि क्षेत्र को शासकीय नियम, व्यवस्था के अनुसार निर्धारित बिजली गुणवत्ता के साथ वितरित की जा सकेगी। करोंदिया फीडर का सेपरेशन कार्य होने से वर्तमान में एक ही फीडर पर मौजूद 9 ट्रांसफार्मरों से बिजली वितरण आगे जाकर 6 ट्रांसफार्मरों से किसानों को सिंचाई के लिए एवं शेष 3 ट्रांसफार्मरों से ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को चौबीस घंटे आपूर्ति सुलभ होगी। घरेलू उपभोक्ताओं को वोल्टेज और अच्छा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story