जबलपुरः गन कैरिज फैक्ट्री में बवाल, सुरक्षा जवानों ने खोला अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः गन कैरिज फैक्ट्री में बवाल, सुरक्षा जवानों ने खोला अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा


जबलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित गन कैरिज फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले जवानों ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना और अवैध मांग किए जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में पीएसजी के जवान निर्माणी के मुख्य गेट पर एकत्रित हुए। इसी दौरान उनकी जेडब्ल्यूएम प्रजापति से कहासुनी के बाद झड़प हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद जेडब्ल्यूएम प्रजापति को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी सामने आई है।

विरोध कर रहे सुरक्षाकर्मियों ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ अधिकारी प्रजापति और एपी सिंह लगातार उनका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। जवानों का दावा है कि अधिकारी विभिन्न चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों से कथित तौर पर शराब की बोतलें मांगते हैं। आरोप है कि कर्मचारियों पर यह कहकर दबाव बनाया जाता है कि शराब की बोतलें ऊपर के अधिकारियों तक पहुंचानी हैं।

जवानों के मुताबिक मांग पूरी नहीं करने पर ड्यूटी से हटाने, नौकरी से निकालने और प्रताड़ित करने की धमकियां दी जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए हैं।

सुरक्षाकर्मियों ने वेतन भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया। उनका दावा है कि करीब 62 सुरक्षा कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और हर महीने भुगतान अटकने की स्थिति बन रही है। जवानों के अनुसार 14 सितंबर बीत जाने के बावजूद पिछले महीने का वेतन अब तक उनके खातों में नहीं पहुंचा है।

जवानों का कहना है कि नए अधिकारियों की पदस्थापना के बाद से व्यवस्था बिगड़ गई है और कर्मचारी लगातार तनाव के माहौल में काम कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की, ताकि वे बिना दबाव और शांतिपूर्ण माहौल में अपनी ड्यूटी कर सकें। हालांकि, अधिकारियों की ओर से लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story