राजगढ़ः गायत्री परिवार ने 40 बच्चों का कराया विद्यारंभ संस्कार, वैदिक मंत्रों के बीच शिक्षा यात्रा का शुभारंभ
राजगढ़, 28 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में अखिल विश्व गायत्री परिवार ब्यावरा के तत्वावधान में रविवार को ग्राम सोनकच्छ में 40 बच्चों का सामूहिक विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और आध्यात्मिक वातावरण के बीच बच्चों ने विधिवत शिक्षा की शुरुआत की। इस दौरान अभिभावकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, श्रेष्ठ चरित्र और संस्कारयुक्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें ज्ञान के मार्ग पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यारंभ संस्कार केवल पढ़ाई शुरू करने की परंपरा नहीं, बल्कि ज्ञान, नैतिकता, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प है। उनका कहना था कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही जिम्मेदार और आदर्श नागरिकों का निर्माण करता है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूर्व में आयोजित पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ के अनुयायी कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी क्रम में 19 जुलाई को ग्राम सोनकच्छ में 151 घरों में एक साथ गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान और युवाओं व ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यसन मुक्ति रैली भी निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के जिला समन्वयक डॉ. ओपी. पंवार, हवलदार सिंह, युवा प्रकोष्ठ संयोजक किशोर जानोरिया, गोविंद नामदेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन में भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

