उज्जैनः पंचक्रोशी यात्रा को लेकर दो दिन पहले ही यात्रियों का जमावड़ा

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः पंचक्रोशी यात्रा को लेकर दो दिन पहले ही यात्रियों का जमावड़ा


उज्जैन , 13 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन शहर में इस समय जहां सडक़ निर्माण को लेकर यातायात की गहमागहमी है वहीं समीपस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पंचक्रोशी यात्रा को लेकर धमचक मची है। 118 किमी लम्बे पंचक्रोशी मार्ग पर इस समय करोहन से नलवा होकर अंबोदिया तक केवल यात्रियों की ही भीड़ दिखाई दे रही है। जिला पंचायत,ग्राम पंचायतें,नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा अपने अपने स्तर पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए इंतजाम जुटाए गए हैं।

इस बार भी पंचक्रोशी यात्रा निर्धारित दिनांक 12 अप्रेल से दो दिन पूर्व प्रारंभ हो गई। हालांकि पहले दिन अधिक संख्या में यात्री नहीं गए लेकिन दूसरे दिन अपेक्षाकृत अधिक यात्री निकल पड़े। दूसरे दिन गए यात्रियों का लवाजमा तेजी से आगे बढ़ा और 12 अप्रेल को चले यात्रियों से एक से दो पड़ावा आगे तक चल रहा है। शहर में प्रवेश 16 अप्रेल है लेकिन अभी की यात्रियो की स्पीड को देखते हुए कहा जा सकता है कि पहला जत्था 14 की रात या 15 अप्रेल की सुबह से ही नगर प्रवेश कर जाएगा। अर्थात् प्रशासन को रेती घाट पर 15 अपे्रल से व्यवस्थाएं जुटाना होंगी वहीं शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए 15 अप्रेल से ही इंतजाम लगाना होंगे।

इधर पड़ावों एवं उप पड़ावों पर आस्था और श्रृद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। पड़ावों पर भजन एवं ढोल पर महिला श्रद्धालुओं द्वारा नृत्य करना तथा मंचों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के चलते रात एक से दो बजे तक ऐसा आभास करवाता है मानो अभी शाम ही हुई है। यात्रा मार्ग की सडक़ों पर 24 घण्टे की चहल-पहल बताती है कि आज भी धार्मिक आस्थाएं कितने गहरे तक अपनी जड़े जमाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story