जबलपुर: रसोई गैस की कालाबाजारी की सूचना देने पर मिलेगा इनाम, 25% राशि तक पुरस्कार घोषित

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: रसोई गैस की कालाबाजारी की सूचना देने पर मिलेगा इनाम, 25% राशि तक पुरस्कार घोषित


जबलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के जबलपुर में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। अब ऐसी गतिविधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को जप्त सिलेंडरों की अनुमानित लागत का 25 प्रतिशत तक पुरस्कार दिया जाएगा।

कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा के प्रभारी एवं एलपीजी नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र अहाके ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, अवैध भंडारण या अवैध व्यापार की सूचना दी जाती है और वह सही पाई जाती है, तो सूचना देने वाले को जब्‍त किए गए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत का 25 प्रतिशत या अधिकतम 5,000 रुपये तक की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के आगे आकर जानकारी दे सकें।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 88780 38092 या कंट्रोल रूम के नंबर 95843 19092 पर कॉल कर अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करें।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकना और आम उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story