अनूपपुर: दो वर्ष से फरार गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: दो वर्ष से फरार गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल


अनूपपुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा पुलिस ने दो वर्ष से फरार चल रहे गांजा तस्कर कमलेश मरार को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। आरोपी पर 478 किलोग्राम गांजा तस्करी का आरोप है, जिसे मिनरल वाटर के कैरेट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था।

मामला 2 दिसंबर 2023 का है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप में बदरा से अनूपपुर की ओर अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। गांजे को मिनरल वाटर के कैरेट के नीचे बोरियों में छिपाया गया था। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन में बैठे दो व्यक्ति चलती पिकअप से कूदकर भाग निकले। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 15 प्लास्टिक की बोरियों में कुल 478 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 57 लाख 38 हजार 400 रुपये बताई गई है।

इस संबंध में फुनगा चौकी में अपराध की धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की लगातार जांच के दौरान, पुलिस को हाल ही में फरार आरोपी के बारे में मुखबिर से सूचना मिली। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी कमलेश मरार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story