राजगढ़ः गंगा दशहरा पर कालीसिंध नदी में हुआ पूजन-अर्चन, नागरिकों ने किया श्रमदान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गंगा दशहरा पर कालीसिंध नदी में हुआ पूजन-अर्चन, नागरिकों ने किया श्रमदान


राजगढ़, 25 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को प्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत कपिलेश्वर महादेव धाम में माँ कालीसिंध नदी का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान माता को चुनरी अर्पित की गई तथा जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने घाट सफाई एवं श्रमदान कर सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने की। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल प्रशासन या शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। नदियां, तालाब और पारंपरिक जल संरचनाएं हमारी संस्कृति और सभ्यता की मूल पहचान हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए अनिवार्य है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि नीलेश वर्मा, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, नगर पालिका कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story