राजगढ़ः गांधी जयंती पर ब्यावरा में स्वच्छता का संदेश, मंत्री पंवार ने किया श्रमदान और पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गांधी जयंती पर ब्यावरा में स्वच्छता का संदेश, मंत्री पंवार ने किया श्रमदान और पौधरोपण


राजगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को ब्यावरा में ‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

दशहरा मैदान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार ने नगरवासियों और सेवाकर्मियों के साथ श्रमदान किया। उन्होंने परिसर की सफाई करने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले सेवाकर्मियों का सम्मान भी किया गया।

मंत्री पंवार ने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवनशैली और संस्कार का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि ब्यावरा में विकास कार्य लगातार हो रहे हैं। शहर में दशहरा आयोजन के लिए अब सुव्यवस्थित दशहरा मैदान उपलब्ध है। यह शहर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसे स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि दशहरा मैदान के समीप अजनार नदी पर बनने वाली पुलिया का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

गांधी जयंती पर लायंस क्लब के तत्वावधान में साइक्लोथाॅन 2026- पेडल फॉर स्वच्छ ब्यावरा, स्वस्थ ब्यावरा’ का आयोजन भी किया गया। इसमें युवाओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मंत्री पंवार ने साइकिल चलाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने जैसी गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देती हैं। नागरिकों को ‘स्वच्छ ब्यावरा, स्वस्थ ब्यावरा और सुंदर ब्यावरा’ के संकल्प को साकार करने के लिए सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

इससे पहले मंत्री पंवार ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, सीएमओ इकरार अहमद सहित जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story