दमोह: जिले में पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर प्रशासन सख्त

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: जिले में पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर प्रशासन सख्त


दमोह: जिले में पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर प्रशासन सख्त


दमोह: जिले में पेट्रोल-डीजल और गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर प्रशासन सख्त


दमोह, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने शुक्रवार को कहा कि आपूर्ति तेजी से सामान्य हो रही है और कहीं भी वास्तविक कमी नहीं है।

कलेक्टर ने बताया कि जिन स्थानों पर अस्थायी दबाव बना था, वहां कुछ ही घंटों में आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई, जिससे हालात लगातार सामान्य होते जा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति के लिए टैंकर लगातार भेजे जा रहे हैं और सभी पेट्रोल पंपों की स्थिति पर प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। जहां मांग अधिक रही, वहां प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया गया है। प्रशासन के इन प्रयासों से अधिकांश स्थानों पर उपलब्धता बेहतर हो गई है और स्थिति तेजी से सामान्य होने लगी है।

एलपीजी गैस को लेकर भी प्रशासन ने राहत भरी जानकारी दी है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि जिले में 4,000 से अधिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नए रैक लगातार पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें। इंडेंट के बाद 3–4 घंटे में सप्लाई उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि घबराहट में पेट्रोल-डीजल या गैस का अवैध भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं का कृत्रिम संकट पैदा करने, अधिक मात्रा में खरीदकर स्टॉक करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रम फैलाने, अफवाहें फैलाने या गलत जानकारी साझा करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने कहा कि ऐसी गतिविधियां आम नागरिकों की सुविधा और व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, इसलिए इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें, जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल व गैस लें, अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story