ढाई सौ श्रावक-श्राविकाओं का छः रीति पालित पैदल संघ श्री नागेश्वर तीर्थ के लिए रवाना

WhatsApp Channel Join Now
ढाई सौ श्रावक-श्राविकाओं का छः रीति पालित पैदल संघ श्री नागेश्वर तीर्थ के लिए रवाना


मंदसौर, 26 नवंबर (हि.स.)। आचार्य श्री अशोकसागर सूरिश्वरजी म.सा., आचार्य श्री सागरचन्द्र सागर सूरिश्वरजी म.सा. सहित पांच जैन आचार्यों की पावन प्रेरणा एवं निश्रा में गुरुवार को चन्द्रपुरा स्थित श्री आर्यरक्षित तीर्थ धाम से लगभग 250 श्रावक-श्राविकाओं का छः रीति पालित पैदल संघ श्री नागेश्वर तीर्थ के लिए रवाना हुआ। सूर्योदय के समय शुभ मंगल बेला में शहनाई और ढोल की सुमधुर ध्वनि के बीच संघ ने अपनी यात्रा प्रारंभ की।

संघ चन्द्रपुरा मेन रोड, मेनपुरिया चौराहा, सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज और सीतामऊ रोड होते हुए ग्राम डिगांव पहुंचा। यहां सभी श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान श्री नेमीनाथजी के मंदिर में दर्शन-वंदन कर धर्मलाभ लिया। डिगांव श्रीसंघ की ओर से मुख्य संघपति, संघपतियों और सहसंघपतियों का माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर बहुमान किया गया।

इस पैदल संघ में आचार्य श्री सहित लगभग 35 साधु-साध्वियां भी शामिल हैं। उनके मार्गदर्शन में यात्रा के दौरान प्रभुजी का स्नात्र पूजन, आचार्य श्री के प्रवचन, प्रातः एवं सायंकालीन प्रतिक्रमण तथा रात्रि में प्रभु भक्ति के आयोजन किए जा रहे हैं। लगभग 80 किलोमीटर की इस पैदल यात्रा में हाथी और प्रभुजी का रथ भी शामिल है।

यात्रा के पहले दिन संघ में शामिल करीब 250 यात्रियों ने लगभग 15 किलोमीटर का पैदल सफर तय किया। ग्राम गुर्जरबर्डिया स्थित सरस्वती टाउनशिप कॉलोनी में यात्रा का पहला पड़ाव रहा। शुक्रवार सुबह संघ यहां से लगभग 15 किलोमीटर की यात्रा कर सीतामऊ के समीप विजय पैलेस के सामने स्थित हीरो होंडा शोरूम के पास पहुंचेगा। शुक्रवार रात्रि का पड़ाव भी यहीं रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story