राजगढ़ः क्रेडिट कार्ड के इंटरनेशनल चार्ज के नाम पर युवक से 37 हजार की ठगी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः क्रेडिट कार्ड के इंटरनेशनल चार्ज के नाम पर युवक से 37 हजार की ठगी


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र से क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल चार्ज कटने का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट का कर्मचारी बनकर युवक को फोन किया और उसके मोबाइल पर एपीके फाइल भेज दी। फाइल डाउनलोड होने के बाद युवक का मोबाइल हैक हो गया और उसके खाते से 37 हजार 720 रुपए निकल गए। पुलिस ने रविवार को फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चतुर्भुज मार्ग, जूना ब्यावरा निवासी 28 वर्षीय प्रणय पुत्र मनोज गौतम फोटोग्राफी का काम करता है। उसने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 16 अक्टूबर की शाम वह घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट से जुड़ा बताया और कहा कि उसके कार्ड पर 3,500 रुपए का इंटरनेशनल चार्ज कटने वाला है। इसके बाद आरोपित ने युवक से क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी और चार्ज की राशि वापस करने का भरोसा दिलाया। उसने वॉट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेजी, जो अपने आप डाउनलोड हो गई। इसके बाद युवक का मोबाइल हैक हो गया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 37 हजार 720 रुपए डेबिट होने का मैसेज आया। धोखाधड़ी का पता चलने पर युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story