राजगढ़ः पैसा दोगुना-तिगुना करने का झांसा देकर युवक से 3.65 लाख की ठगी, केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पैसा दोगुना-तिगुना करने का झांसा देकर युवक से 3.65 लाख की ठगी, केस दर्ज


राजगढ़,19 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पैसा दोगुना और तिगुना करने का लालच एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों के झांसे में आकर उसने न केवल अपनी जमा पूंजी गंवाई, बल्कि रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर भी लाखों रुपए निवेश कर दिए। जब लंबे समय तक न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस आई, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सिटी थाना क्षेत्र के आलमपुरा गांव निवासी अनिल (28) पुत्र देवीसिंह राजपूत के पास 6 जून को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। आरोपित ने खुद को निवेश से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए कम समय में रकम दोगुनी और तिगुनी करने का भरोसा दिलाया। विश्वास जीतने के लिए उसने एक क्यूआर कोड (बारकोड) भेजा और उसमें राशि जमा करने को कहा। शुरुआत में अनिल ने अपने पास मौजूद रकम ट्रांसफर की। इसके बाद आरोपित लगातार अधिक निवेश करने पर ज्यादा लाभ मिलने का लालच देता रहा।

मुनाफे की उम्मीद में युवक ने रिश्तेदारों और परिचितों से भी उधार लिया और अलग-अलग किश्तों में क्यूआर कोड स्कैन कर पैसे भेजता गया। करीब 10 से अधिक ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसने कुल 3.65 लाख रुपए जमा कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई लाभ नहीं मिला और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब युवक को ठगी का संदेह हुआ तब थाना पहुंचकर शिकायत की। सिटी थानाप्रभारी शिवराजसिंह चैहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story