राजगढ़ः ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 7.20 लाख की ठगी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 7.20 लाख की ठगी


राजगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी राजेन्द्रसिंह गौड़ के साथ 7 लाख 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार, विनायक नगर ब्यावरा निवासी 36 वर्षीय राजेन्द्रसिंह पुत्र रामप्रसाद गौड़ ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर आलोक सिंह नामक व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया। उसने खुद को शेयर मार्केट का जानकार बताते हुए दावा किया कि इंटरनेट के माध्यम से निवेश कर अच्छा लाभ कमाया जा सकता है। आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर उसमें आईडी बनवाई और 80 हजार रुपये का पहला निवेश करवाया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि कम से कम तीन ट्रेड करना अनिवार्य है तथा उससे होने वाले लाभ का 30 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। इसी भरोसे में पीड़ित ने कुल सात लाख 20 हजार रुपए इंटरनेट के माध्यम से जमा कर दिए। लेकिन जब राजेन्द्र सिंह ने लाभ या मूल राशि वापस मांगनी चाही, तो आरोपी ने और रुपए निवेश करने का दबाव बनाया। इंकार करने पर आरोपी ने व्हाट्सऐप पर पीड़ित को ब्लॉक कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, उसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उससे संपर्क किया और बताया कि वह पैसे नही निकाल सकता। इससे साफ हो गया कि उनके साथ ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी की गई है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story